सैफई। आर्थिक तंगी से जूझ रहे किसान ने फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
गांव नगला श्री के निवासी किसान प्रमोद कुमार (38) ने शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे खेत पर रखी झोपड़ी में गमछे से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। उधर से गुजर रहे किसानों ने देखा और परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने नीचे उतारकर सैफई मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी ट्रामा सेंटर में पहुंचाया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छोटे भाई मनोज कुमार ने बताया कि भाई ने कभी खेती में नुकसान तो कभी अपना इलाज कराने के लिए काफी कर्ज ले रखा था। कर्जदार लगातार रुपये मांगते थे। इससे वह तनाव में थे। वह गांव के ही एक किसान की बटाई पर खेती कर रहे थे। बड़े भाई के चार बच्चे हैं। प्रभारी निरीक्षक यशवंत सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिवार वालों ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है। आगे की कार्रवाई तहरीर मिलने के बाद की जाएगी।