उदी (इटावा)। खेत में लगे पेड़ की लकड़ी काटने का विरोध करने पर पड़ोसी गांव के कुछ युवकों ने डंडों व कुल्हाड़ी से कई वार कर किसान की हत्या कर दी। पुत्र ने पांच लोगों पर पिता की हत्या किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना पछायगांव के ग्राम पुरा रोहन सिंह निवासी अतुल सिंह ने पुलिस को बताया कि पिता लाखन सिंह (55) मंगलवार की सुबह 10 बजे खेत गए थे। पड़ोसी गांव करियाडांडा के छह युवक उसके खेत से पेड़ की लकड़ी काट रहे थे। पिता ने मना किया तो सभी लोगों ने एक राय होकर कुल्हाड़ी और डंडों से पीट-पीट कर हत्या कर दी। मारपीट की सूचना पर परिवार के लोग और ग्रामीण खेतों की ओर भागे, तभी हमलावर कुल्हाड़ी और डंडे लहराते हुए भाग निकले। दिनदहाड़े हत्या की सूचना मिलने पर सीओ जसवंतनगर, एसओ अनुभव चौधरी फोर्स लेकर मौके पर पहुंच गए। जांच पड़ताल करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
थाना पछायागांव प्रभारी अनुभव चौधरी ने बताया कि मृतक के बेटे अतुल सिंह की तहरीर करियाडांडा गांव के सूरजभान और उसके चार बेटों राजभान, सनी, बृजभान, आशीष, नकूल के खिलाफ हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।