सैफई (इटावा)। आयुर्विज्ञान विवि में ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग के ब्लड बैंक में वार्षिक कार्यशाला का आयोजन हुआ। इसमें छात्र-छात्राओं को सही तरीके से खून निकालने और सुरक्षित खून का आदान-प्रदान कराने के तरीके बताए गए।
मंगलवार को कार्यशाला का शुभारंभ कुलपति प्रो. डॉ. प्रभात कुमार सिंह ने किया। कार्यशाला में रोजमर्रा के अभ्यास में आने वाली समस्याओं पर व्याख्यान हुए कैसे हम बार –बार खून चढ़ाने वाले मरीजों को सही तरीके से व सेफ ट्रांसफ्यूजन दे सकते हैं। रक्त घटकों की गुणवत्ता और नियंत्रण पर चर्चा हुई। असिस्टेंट प्रो.अरविंद सिंह ने हीमोग्लोबिन ऐस्टीमेशन के संदर्भ में अपना व्याख्यान प्रस्तुत कर महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
असिस्टेंट प्रो. ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग डॉ. ज्योति कला भारती ने भी रक्त घटकों की गुणवत्ता और नियंत्रण के संदर्भ में तकनीकी बिंदुओं पर प्रकाश डाला। प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम के अंतर्गत डॉ. अभय सिंह की ओर से उपस्थित ब्लड बैंक के डॉक्टर्स व छात्र-छात्राओं से कुछ प्रश्न पूछे गए और सही जवाब देने वालों को पुरस्कृत किया गया।
संचालन डॉ. श्वेता ने किया। कार्यक्रम में प्रति कुलपति प्रो. डॉ. रमाकांत, कुल सचिव डॉ चंद्रवीर, चिकित्सा अधीक्षक प्रो. डॉ. एसपी सिंह संकायाध्यक्ष प्रो. डॉ. आदेश कुमार, ट्रांसफ्यूज़न मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ आदित्य शिवहरे आदि मौजूद रहे।