इटावा। गांव हरसोली स्थित केंद्रीय विद्यालय में पांच दिन से पानी भरा है। कक्षाओं में जलभराव के कारण सोमवार को होने वाली अर्द्धवार्षिक परीक्षा भी स्थगित हो गई।
केंद्रीय विद्यालय के प्रधानाचार्य राजगुरु सिंह ने बताया कि पिछले दिनों हुई बारिश के कारण कक्षाओं में भी पानी भर गया। जल निकासी के लिए प्रशासन से मदद मांगी गई थी। नगर पालिका कर्मचारियों ने पंपसेट से पानी निकालने का प्रयास किया। पानी सड़क की दूसरी तरफ निकाला गया पर वहां भी जलभराव के कारण फिर कमरों में लौट आया। 19 सितंबर से अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं शुरू हुईं थी। तीन दिनों तक हुई बारिश के कारण 23 से 25 सितंबर तक अवकाश रहा। सोमवार की भी परीक्षा निरस्त करनी पड़ी।
प्रधानाचार्य ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय के प्रधानाचार्य एलबी शर्मा का तबादला ग्वालियर होने के बाद उन्होंने कानपुर से आकर यहां का कार्यभार संभाला है। बताया कि वह समस्या से निजात का पूरा प्रयास कर रहे हैं।