इटावा। शहर में माल गोदाम रोड पर रविवार शाम खुद को पुलिस बताकर दो लोगों ने राजमिस्त्री की तलाशी ली और जेब से रुपये पार कर दिए। पीड़ित का आरोप है कि शिकायत करने पर थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। पीड़ित ने सोमवार को एसएसपी जय प्रकाश सिंह को प्रार्थनापत्र दिया है।
परमधाम गांव निवासी राजमिस्त्री रमेशचंद्र ने प्रार्थनापत्र में बताया कि रविवार शाम करीब पांच बजे फ्रेंड्स कॉलोनी से काम करके बाइक से घर लौट रहे थे। माल गोदाम रोड पर काजी पेट्रोल पंप के पास बुलेट बाइक सवार दो लोगों ने रोक लिया। बाइक चला रहे युवक ने खुद को सिपाही बताया और हेलमेट न लगाने पर धमकाने लगा। दूसरे युवक ने तलाशी ली और धमकाते हुए चले गए। रमेश के अनुसार उसने अपनी जेब देखी तो साढ़े छह हजार रुपये गायब थे। आरोप लगाया कि सूचना के बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस मोहम्मद कामिल ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। जांच कराई जाएगी। पीड़ित से बात करके रिपोर्ट दर्ज कराएंगे।