इटावा। शहर के आयुर्वेदिक अस्पताल भवन की मरम्मत का काम लटक गया है। भवन से जुड़ी फाइल जिला पंचायत में गुम हो गई है। सीडीओ ने जल्द से जल्द फाइल तलाश कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
25 शैया आयुर्वेदिक अस्पताल 2006 से सदर कोतवाली के पीछे जिला पंचायत के भवन में संचालित है। भवन जर्जर हालत में है। अपना भवन न होने से विभाग मरम्मत भी नहीं करा पा रहा है। जगह की कमी के कारण अस्पताल में एक भी बेड नहीं पड़े हैं।
दवाएं सीलन से भरे कमरे में रखी जाती हैं। जीर्णशीर्ण भवन होने के कारण मरीजों की संख्या भी कम ही रहती है। अस्पताल की दुर्दशा को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया।
जिसे संज्ञान में लेकर जिलाधिकारी ने सीडीओ की अध्यक्षता में समिति बनाकर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए थे। समिति बने दो माह हो गए लेकिन मामला जिला पंचायत स्तर पर लटका है।
दरअसल, सीएमओ को भवन देते समय जिला पंचायत की ओर से जो लिखा पढ़ी की गई थी, उसकी फाइल गुम हो गई है। इससे ये पता नहीं चल पा रहा है कि जिला पंचायत ने भवन को देते समय क्या शर्तें तय की थीं।
शर्तों में अगर यह शामिल है कि भवन का रखरखाव सीएमओ स्तर से होगा तो फिर इसकी मरम्मत सीएमओ स्तर से कराई जाएगी। यदि जिला पंचायत ने इसकी मरम्मत की जिम्मेदारी ले रखी है तो इस काम के लिए उसे आदेशित किया जाएगा।
यदि इन दोनों शर्तों में कोई भी तय नहीं है तो आयुर्वेदिक अस्पताल की मरम्मत क्रिटिकल फंड से होगी। फंड जिलाधिकारी के आदेश पर जारी होगा। सीएमओ और आयुर्वेदिक अस्पताल ने अपना भवन न मानते हुए रिपोर्ट सीडीओ को भेज दी है।
जिला विकास अधिकारी दीन दयाल ने बताया कि सीडीओ ने रिपोर्ट जल्द देने के निर्देश दिए हैं। जिला पंचायत के अधिकारी फाइल की तलाश में लगे हैं। प्रयास है कि जल्द से जल्द आयुर्वेदिक अस्पताल की दुर्दशा दूर कराई जाए।