इटावा। किसान सम्मान दिवस पर 75 अन्नादाता सम्मानित किए गए। प्रगतिशील किसानों ने साथियों और पशुपालन से अपने अनुभव साझा किए।
कृषि इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में किसान सम्मान समारोह व कृषि गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें प्रगतिशील किसान जगदीश, रामकरन तिवारी, अरविंद सिंह ने खेती में अपनाई गई तकनीकी की प्रायोगिक जानकारी के अनुभव साझा किए। प्रगतिशील किसान रामकरन तिवारी ने टिशू कल्चर विधि से आलू उत्पादन की तकनीकी जानकारी दी। वे ऐसे किसान हैं जिन्होंने प्रयोगशाला स्थापित कर इस विधि से आलू उत्पादन का कार्य किया है।
उप कृषि निदेशक आरएन सिंह ने किसानों की योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान जिला कृषि अधिकारी कुलदीप सिंह राणा ने बीज एवं खाद की उपलब्धता की जानकारी दी। उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी धीरज कुमार ने कृषि में प्रयोग होने वाले नवीन कृषि यंत्रों के बारे में बताया।
सदर विधायक सरिता भदौरिया ने कहा कि कृषि, उद्यान, पशुपालन व मत्स्य पालन कार्य करने वाले 75 किसानों को सम्मानित किया गया।
इस दौरान डॉ. विजय बहादुर, सुनीता मिश्रा, डॉ. राजेश राय, देवेंद्र कुमार चतुर्वेदी, डॉ. तरुण कुमार, डॉ. सुनील कुमार आदि उपस्थित रहे। संचालन अशोक कुमार अग्निहोत्री ने किया।