इटावा। नवीन मंडी के गेट नंबर एक के पास एक युवक मृत अवस्था में पड़ा हुुआ मिला। आस-पास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी।
फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के शकुंतला नगर निवासी रिचा पत्नी कृष्णा यादव ने बताया कि सैफई के नगला बहादुर हरदोई निवासी जीजा अशोक (40) का बुधवार सुबह लगभग नौ बजे के आसपास फोन का आया था। फोन पर उन्होंने बताया कि मंडी के पास उनके साथ कुछ लोग मारपीट कर रहे हैं, बचा लो। फोन आते ही पति के साथ मौके पर पहुंचीं तो वहां कोई नहीं मिला, जिसके बाद वापस घर चली गईं। 11 बजे के आसपास चाचा करू के पास फोन आया कि जीजा की हालत गंभीर है और फ्रेंड्स कालोनी थाने बुलाया है। थाने पहुंचने पर पता चला की जीजा की मौत हो गई और शव मोर्चरी में रखा हुआ है। रिचा ने अज्ञात लोगों पर जीजा को जहर खिला कर हत्या करने का आरोप लगाया है। फ्रेंड्स कॉलोनी थाना प्रभारी विवेक चौधरी ने बताया कि 112 नंबर पर सूचना मिली थी की एक युवक नवीन मंडी की गेट पर बेहोश की हालत में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम को मौके पर भेजकर युवक को जिला अस्पताल भेजा। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जाएगी।