इटावा। मंडलायुक्त डॉ.राजशेखर के सोमवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण करने आ रहे हैं। इसे देखते हुए रविवार को अस्पताल की खामियां दूर कर दी गईं। अधिकारी साफ सफाई से लेकर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुटे रहे।
सीएमओ डॉ.गीताराम और एसीएमओ डॉ.बीएल संजय ने वार्डों, ब्लड बैंक व इमरजेंसी का निरीक्षण किया। कुछ देर बाद जिलाधिकारी अवनीश राय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह, अपर जिलाधिकारी जयप्रकाश भी पहुंच गए। जिलाधिकारी ने ब्लड बैंक, इमरजेंसी का निरीक्षण करने के दौरान साफ सफाई रखने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त डेंगू वार्ड का भी निरीक्षण करेंगे।
जिला अस्पताल में किट की जांच से 179 और सैफई मेडिकल कॉलेज में एलाइजा जांच में 114 डेंगू मरीज मिल चुके हैं। जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड में 17 मरीज भर्ती हैं।
इनसेट...
डेंगू की अफवाह फैला मरीजों को लूट रहे झोलाछाप
बसरेहर। कस्बा में झोलाछाप डेंगू की अफवाह के नाम पर गरीब मरीजों का आर्थिक शोषण करने में लगे हुए हैं। झोलाछाप मरीजों की सीबीसी जांच कराने और प्लेटलेट्स कम होने पर डेंगू होने की कहकर इलाज कर रहे हैं। सीएचसी अधीक्षक डॉ. विकास सचान ने बताया का कहना है कि वायरल और टाइफाइड, मलेरिया बुखार में भी प्लेटलेट्स कम हो जाने पर लोग घबरा जाते हैं और झोलाछाप के पास पहुंच ठगी के शिकार हो जाते हैं। लोग घबराए नहीं बसरेहर सीएचसी पर जांच कराकर इलाज करवाएं। झोलाछाप के चक्कर में न पड़ें। डेंगू मरीजों के लिए संचारी वार्ड बना है। (संवाद)