ताखा। ऊसराहार थाना क्षेत्र के पुरैला गांव में मंगलवार को दस लाख रुपये और चांदी की पायल चोरी होने की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस के साथ एसओजी और फोरेंसिक टीम जांच में जुट गई। करीब पांच घंटे की जांच और पूछताछ के बाद चोरी की घटना फर्जी निकली। प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र मिश्रा ने बताया गांव निवासी कामता प्रसाद यादव ने चोरी की सूचना दी थी। सीओ रामदवन मौर्य ने कामता प्रसाद व उनके बेटे अमित से अलग-अलग पूछताछ की तो बयानों में विरोधाभास मिला। जांच में सामने आया कि एक्सप्रेसवे निर्माण में जमीन जाने पर कामता प्रसाद को 18 लाख रुपये मुआवजा मिला था। इसमें आठ लाख रुपये से दो दिन पहले प्लॉट खरीदा गया था। बाद में पूछताछ में उन्होंने अपनी बेटी को भी आठ लाख रुपये देकर प्लॉट खरीदवाने की बात बताई। परिवार से यह बात छिपाने के लिए उन्होंने चोरी की कहानी गढ़ी थी। पुलिस झूठी सूचना देने के मामले में कार्रवाई की जाएगी।(संवाद)