बकेवर (इटावा)। ई-रिक्शा चालक की दिल्ली में चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना के पीछे सवारी बैठाने को लेकर हुआ विवाद वजह बताया जा रहा है।
बकेवर थानाक्षेत्र के हलूपुरा निवासी बृजेंद्र उर्फ छोटे (30) नागलोई निहाल बिहार दिल्ली में ई-रिक्शा चलाता था। चाचा अमित व भाई सोनू भी उसके साथ ही रहते थे। सोनू ने बताया कि 12 अक्तूबर को महिला सवारी बृजेंद्र के ई-रिक्शा पर बैठी थी। दूसरे ई-रिक्शा चालक प्रवीन ने सवारियां उतारकर अपने ई-रिक्शा पर बैठा लिया। विरोध पर प्रवीन ने साथियों को बुलाकर बेरहमी से बृजेंद्र को पीटकर घायल कर दिया। बृजेंद्र किसी तरह कमरे में पहुंचा और चाचा और भाई की घटना की सूचना दी।
उलाहना देने पर प्रवीण ने चाकू से अमित पर वार किया।
बृजेंद्र के सीने और पेट में चाकू से वार कर दिया। पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने बृजेंद्र को मृत घोषित कर दिया। मृतक के साथी रिंकू की तहरीर पर पुलिस ने प्रवीण और अज्ञात लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
मुकदमा दर्ज होने के बाद दिल्ली के निहाल बिहार कालोनी निवासी आरोपी प्रवीण ने थाने में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद किया है। शुक्रवार शाम बृजेंद्र का शव घर पहुंचा तो पत्नी रानी देवी और छह वर्षीय बेटा रोहित कुमार बदहवास हो गए।