बसरेहर। इटावा-बरेली हाईवे पर मंगलवार दोपहर तीन बजे भारी वाहनों की आवाजाही से जाम लग गया। इसमें दो एंबुलेंस फंस गईं।
हाईवे पर अमृतपुर गांव के पास सेंगर नदी पुल पर मंगलवार दोपहर दो भारी वाहन आमने-सामने आ गए। पुल संकरा होने के कारण दोनों वाहन फंस गए। इस दौरान पुल के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।
मरीजों को लेने भरथना चौराहे की ओर जा रहीं दो एंबुलेंस भी जाम में फंस र्गइं। राहगीरों ने किसी तरह एंबुलेंस के निकलने की जगह बनाई। करीब दो घंटे तक हाईवे पर आवागमन प्रभावित रहा।
लोगों ने बताया कि सेंगर नदी पर सन 1880 में अंग्रेजों ने पुल बनाया था। वर्तमान में वाहनों के लोड को देखते हुए पुल की चौड़ाई काफी कम है। इस कारण आएदिन जाम की समस्या रहती है।
जल्दी निकलने के चक्कर में फंसे
रामनगर क्रॉसिंग पर मंगलवार दोपहर एक बजे मालगाड़ी निकलने के बाद जब गेट खुला तो जल्दी निकलने के चक्कर में लोग जाम में फंस गए। टीएसआई ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद जाम खुलवाया।