इटावा। रूट तय होने और स्टैंड चिह्नित होने के बाद भी मनमाने ढंग से ऑटो और ई-रिक्शा दौड़ाए जा रहे हैं। चालक सवारी देखकर जहां मन करता है वहीं वाहन रोक देते हैं। इससे जाम लग रहा है। सबकुछ जानकर भी जिम्मेदार आंखें मूंदे हैं।
शहर में जाम की समस्या लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। कुछ समय पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलों में ऑटो, टेंपो और ई-रिक्शा का संचालन निश्चित रूटों पर कराने के निर्देश दिए थे।
इस पर 25 मार्च को परिवहन विभाग की ओर से यातायात और नगर पालिका से चर्चा होने के बाद पांच स्टैंडों को चिह्नित करने के साथ ही सभी के रूट भी तय कर दिए गए थे। इसे तत्काल प्रभाव से लागू कराने के लिए निर्देशित किया गया था। 17 दिन बीतने के बावजूद न तो स्टैंड दिख रहे हैं और न निश्चित रूटों पर वाहन दौड़ रहे हैं।
इसके कारण नौरंगाबाद, शास्त्री चौराहा, चौधरी पेट्रोल पंप के पास, गुरु तेग बहादुर पुल के नीचे, बस स्टैंड समेत सभी जगहों पर जाम की समस्या रहती है। आए दिन बड़ी संख्या में लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। संबंधित विभागों की ओर से कोई भी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
स्टैंड के लिए यह जगह की गई थीं चिह्नित
अंबेडकर तिराहा, बस स्टैंड तिराहा, चौधरी पेट्रोल पंप, टिक्सी मंदिर तिराहा, पक्का बाग तिराहा।
यहां लगा रहा जाम
मंगलवार को शहर के बस स्टैंड तिराहे पर आड़े, तिरछे खड़े ऑटो और इ-रिक्शा की वजह से जाम लगा रहा। शाम को रुक-रुककर कई बार जाम लगा। मालगोदाम रोड पर भी दिनभर जाम लगा रहा। रोक के बावजूद गुरु तेग बहादुर पुल के नीचे ऑटो और ई-रिक्शा संचालक सवारियां भरते हैं। वहीं स्कूल छूटते समय शास्त्री चौराहे पर भी जाम लगा रहता है।
- एआरटीओ बृजेश यादव ने बताया कि रूट चार्ट जारी किया जा चुका है। यातायात विभाग को नियमों का पालन कराने के लिए निर्देशित किया गया है। यदि फिर भी नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है तो संबंधितों से वार्ता करने के साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- यातायात प्रभारी सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि रूट चार्ट जारी होने के संबंध में जानकारी नहीं है। उच्चाधिकारियों से वार्ता करने के बाद जल्द ही नियमों का लागू कराया जाएगा। सख्त कार्रवाई की जाएगी।