इटावा। कलक्ट्रेट सभागार में डीएम की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक हुई। इसमें उद्यमियों ने बिजली न मिलने की वजह से उद्यम बर्बाद होने की बात कही। इस पर डीएम ने बिजली विभाग को आपूर्ति पर्याप्त देने के निर्देश दिए हैं।
डीएम अवनीश राय अध्यक्षता में हुई बैठक में उद्यमी शहंशाह वारिसी ने कहा कि सराय ऐसर में बने औद्योगिक क्षेत्र में बिजली संकट की वजह से उद्योगों का बुरा हाल है। करीब एक माह से 24 घंटे में मात्र आठ से 10 घंटे तक आपूर्ति मिल रही है। ऐसे में इंडस्ट्री बंद होने की कगार पर है। कहा कि रात-रात भर बिजली गुल रहती है। दोपहर 12 बजे आपूर्ति को बहाल किया जाता है। ऐसे में मजदूर बैठे रहते हैं। कई बार शिकायतों के बाद भी कोई समाधान नहीं हो सका।
उद्यमियों ने बैंकों की ओर से लोन देने में आनाकानी करने की भी शिकायतें की। डीएम ने बिजली विभाग और बैंकों से जुड़ी व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए। कहा कि उद्यमियों की समस्याओं का निस्तारण करना शासन की प्राथमिकता में है। बैठक में व्यापारियों की समस्याओं के निदान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित आवेदनों के संदर्भ से संबंधित विभागों से पूछताछ कर कारण जाना एवं जल्द ही निस्तारण के निर्देश दिए।
उद्यमियों से कहा कि उद्योग से संबंधित समस्याओं को लिखित में दिया जाए। इससे निस्तारण के लिए किसी भी प्रकार की समस्या न हो। डीएम ने पशु विभाग की प्रगति खराब पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। उपायुक्त उद्योग सुधीर कुमार को निर्देशित करते हुए कहा कि निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित आवेदन पत्रों, पीएम रोजगार सृजन कार्यक्रम, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, ग्लोबल इंवेस्टर समिट, ओडीओपी सहित रोजगारपरक योजनाओं के प्रकरणों को जल्द से जल्द निस्तारण किया जाए। जिला विकास अधिकारी एस. कृष्णा आदि मौजूद रहे।