फोटो संख्या 34: शांति कॉलोनी में बिजली चोरी पकड़ता ड्रोन कैमरा। संवादसंवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। शहर में बिजली चोरी करने वालों की अब खैर नहीं। ड्रोन कैमरे से बिजली चोरी पकड़ने के अभियान का शुभारंभ बुधवार को लाइनपार क्षेत्र शांती कॉलोनी से शुरू हुआ। अधीक्षण अभियंता संदीप अग्रवाल के नेतृत्व में क्षेत्र में बिजली अधिकारियों व विजिलेंस टीम को ड्रोन कैमरे से बिजली चोरी पकड़ते देख बिजली चोरों में हड़कंप मंच गया। जैसे- जैसे लोगों को जानकारी होती गई, लोग भरी दोपहरी घरों से बाहर निकल आए।
मैनपुरी फाटक स्थित बिजली घर से संबद्घ शांति कॉलोनी में चले बिजली चेकिंग अभियान के दौरान आठ लोगों को बिजली चोरी में पकड़ा गया, जिनके खिलाफ बिजली चोरी की एफआईआर कराई गई है। इनमें लोग बिजली चोरी में व पांच मीटर में छेड़छाड़ करते पकड़े गए। अधिशाषी अभियंता प्रथम श्री प्रकाश ने बताया कि शहर में जिस तरह से बिजली चोरी की जा रही है उससे निपटने के लिए यह तरीका इस्तेमाल करना पड़ा। कहा कि अभी तो यह मात्र ट्रेलर है, अब बिजली चोरी ड्रोन कैमरे से ही पकड़ी जाएगी।
अकेले शहर में ही करोड़ों का बिल वसूलने में बिजली विभाग पसीना छोड़ रहा है। लाइनलॉस और बिजली चोरों से निपटने के लिए बिजली अधिकारियों ने इसे ऐसे हथियार के रूप में प्रयोग करना शुरू कर दिया है। जो बिजली चोरों की नींद हराम करने वाला है। लेकिन ड्रोन कैमरे के खौफ से क्या बिजली चोरी पर अंकुश लग पाएगा, यह आने वाला समय बताएगा। बिजली विभाग रात में अभियान चलाकर बिजली चोरी पकड़ने की योजना बना चुका है।
शांति कॉलोनी में चलाए गए अभियान के दौरान एसडीओ प्रथम विवेक कुमार सिंह,सहायक अभियंता मीटर राहुल कुमार, अवर अभियंता विनोद यादव व विजिलेंस टीम की ओर से शशिकांत उपस्थित रहे।