बकेवर। बिजली के दो खंभों की वजह से बकेवर में नाला निर्माण का काम डेढ़ माह से रुका पड़ा है। इससे भरथना रोड के दुकानदारों के व्यापार पर भी असर पड़ रहा है।
कस्बा बकेवर स्थित भरथना रोड़ पर पश्चिमी साइड में लोहियानगर मोहल्ले में नगर पंचायत से नाला का निर्माण कराया जा रहा है। त्रिपाठी मेडिकल स्टोर के सामने दो बिजली के खंभे नाला निर्माण के बाधा बने हैं। बिजली विभाग से दोनों खंभों को शिफ्ट करने का इस्टीमेट मांगा गया। डेढ़ महीने बाद भी विभाग ने इस्टीमेट नहीं दिया है। यही कारण है कि नाले की खोदाई भी नहीं हो पा रही है।
नगर पंचायत बकेवर के जेई योगेश कुमार दीक्षित ने बताया कि भरथना रोड़ पर नाला का निर्माण पूरा होने में बिजली के दो खंभों को हटाया जाना है । उन्होंने बिजली विभाग के पास इसका पत्र भेजकर इस्टीमेट बनाकर भेजने को कहा। अभी तक इस्टीमेट बनाकर नहीं भेजा है। जिसके कारण नाला के निर्माण की समस्या है और नाला निर्माण अधूरा पड़ा हुआ है।
युवा व्यापार मंडल के अध्यक्ष आलोक पोरवाल ने कहा कि नगर पंचायत और बिजली विभाग को नाला निर्माण अधूरे पड़े होने व दुकानदारों की समस्याओं से कुछ लेना-देना नहीं है। लोगों के मकानों की नींव में पानी भर रहा है। नगर पंचायत प्रशासन को सोचना चाहिए। युवा व्यापार मंडल के महामंत्री आलोक पोरवाल ने कहा कि जब से नाला निर्माण होना शुरू हुआ। तबसे इस मार्ग पर दुकानदारों व लोगों के सामने समस्या बनी है। अगर नाले का निर्माण समय से पूरा करा दिया जाए तो दुकानदारों, राहगीरों और क्षेत्रीय लोगों को राहत मिल जाएगी।
गारमेंट दुकानदार आशीष त्रिपाठी बोले कि दुकान के सामने नाला खुदा पड़ा है। दुकान के सामने खाई सी खोदकर डाल दी गई है, इससे इक्का-दुक्का ग्राहक ही आते हैं। व्यापार पूरी तरह से चौपट हो गया है। मिष्ठान विक्रेता शरद शर्मा ने कहा कि नाला निर्माण अधूरा पड़ा होने से दुकान में जहां धूलधक्कड़ से परेशानी होती है वहीं उड़कर आई मिट्टी से मिठाई बचाने के लिए मशक्कत करनी पड़ती है। बिजली विभाग के एसडीओ भूप सिंह ने बताया कि स्टीमेट बनाकर डिवीजन कार्यालय अप्रूवल के लिए भेजा जा चुका है। डिवीजन से स्वीकृति आने के बाद नगर पंचायत के धनराशि जमा करने के बाद खंभों को शिफ्ट कराया जाएगा।
अनुज तिवारी। संवाद- फोटो : ETAWAH
आलोक पोरवाल। संवाद- फोटो : ETAWAH
आशीष त्रिपाठी। संवाद- फोटो : ETAWAH
शरद शर्मा। संवाद- फोटो : ETAWAH