हनुमंत चौराहे पर कार की चेकिंग करते पुलिस कर्मी। संवाद
- फोटो : ETAWAH
चकरनगर। ब्लाक प्रमुख पद के लिए हो रहे उपचुनाव में शुक्रवार को मतदान होगा। निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए पुलिस ने पांच स्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया है। मध्य प्रदेश, जालौन व औरैया की ओर से आने वाले वाहनों की दिन भर चेकिंग की गई। मतदान के चलते शुक्रवार को चकरनगर में किसी भी बाहरी वाहन को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के लिए चकरनगर ब्लाक प्रमुख का चुनाव प्रतिष्ठा का विषय बना हुआ है। उपचुनाव को देखते हुए एसएसपी जय प्रकाश सिंह ने जनपद की सभी सीमाओं में चेकिंग बढ़ा दी है। खुफिया विभाग को भी सक्रिय किया गया है। गुरुवार को एसएसपी ने मतगणना स्थल का निरीक्षण किया और संबंधित कर्मचारियों को 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए।
औरैया, जालौन के अलावा मध्य प्रदेश व आगरा से आने वाले सभी रास्तों पर पुलिस ने नाकेबंदी कर दी है। चुनाव प्रक्रिया की मॉनिटरिंग करने के लिए एसपी ग्रामीण सत्यपाल सिंह ने क्षेत्र में डेरा डाल रखा है। उप जिलाधिकारी चकरनगर मलखान सिंह ने बताया कि निर्वाचन की तैयारी कर ली गई है। निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए कोई कसर बाकी नहीं रखी जा रही है। चुनाव में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सपा समर्थित प्रत्याशी प्रमिला देवी के बेटे उमेश यादव उर्फ लंकू यादव पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई की गई है। यह कार्रवाई एडीएम जय प्रकाश सिंह की ओर से की गई है। उमेश यादव पर 19 अक्तूबर को भाजपा समर्थित प्रत्याशी राधा देवी के पति राकेश यादव की गाड़ी पर फायरिंग करने का भी आरोप लगा था।