इटावा। दो पुत्रियां किसी विद्यालय में पढ़ रही हैं तो एक की फीस अब प्रदेश सरकार भरेगी। यह आदेश निजी स्कूलों में पढ़ने वाली छात्राओं पर लागू होगा। जिला विद्यालय निरीक्षक राजू राणा ने सभी प्रधानाचार्यों से इस श्रेणी की छात्राओं के बारे में जानकारी मांगी है।
महिला सशक्तीकरण के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दो बेटियों के अभिभावकों को यह तोहफा दिया। सरकार की ओर से जारी आदेशों में कहा गया है कि स्ववित्तपोषित विद्यालय में निर्धारित आय सीमा से कम आय वाले अभिभावक की यदि दो पुत्रियां पढ़ाई कर रही हैं तो एक की फीस सरकार की ओर से दी जाएगी। यह भी कहा गया है कि पहले प्रयास किया जाएगा कि एक बेटी की ट्यूशन फीस संस्था की ओर से जमा की जाए। इसके लिए संस्था को प्रोत्साहित किया जाएगा। ऐसा नहीं होने पर इसकी क्षतिपूर्ति राज्य सरकार की ओर से की जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि ढाई लाख की आय सीमा तय कर दी गई है। इस आय सीमा वाले अभिभावकों को ही योजना का लाभ मिलेगा। इस योजना का लाभ सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति सभी वर्गों में आने वाली छात्राओं को मिलेगा। माध्यमिक शिक्षा विभाग जिले के सभी स्कूलों का ब्योरा संकलित करके शासन को भेजेगा।