फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Etawah News: बेकाबू होकर होटल में घुसे डंपर में लगी आग, खलासी की जलकर मौत

Tue, 03 Oct 2023 11:53 PM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, इटावा
विज्ञापन
विज्ञापन
जसवंतनगर (इटावा)। नेशनल हाईवे पर मलाजनी के पास गलत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर को बचाने की कोशिश में डंपर अनियंत्रित होकर एक होटल में घुस गया। जिससे डंपर का डीजल टैंक फट गया और भीषण आग लग गई, हादसे में खलासी की जलकर मौत हो गई। जबकि आग से झुलसे चालक को जिला अस्पताल से सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। चालक और खलासी दोनों जिगरी दोस्त थे। आग से होटल और वहीं खड़ा स्कूटी से लदा कंटेनर चपेट में आ गया। सूचना पर पहुंची दमकल की टीम ने एक घंटे बाद कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
विज्ञापन

मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे एक डंपर फिरोजाबाद से इटावा की ओर जा रहा था। मलाजनी के पास दुर्गा होटल के सामने पहुंचा तभी गलत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर को बचाने की कोशिश में डंपर ट्रैक्टर से टकराता हुआ दुर्गा होटल में घुस गया। इसी दौरान डंपर का डीजल टैंक फट गया और उसमें भीषण आग लग गई। जिससे होटल में भी आग लग गई। इस भयानक हादसे से पुलिस प्रशासन ने यातायात को कुछ समय के लिए रोक दिया।
इसी बीच डंपर से निकली लपटों से सड़क पर खड़े एक स्कूटी से भरे कंटेनर में भी आग लग गई। कंटेनर में 42 स्कूटी लदी थीं। इसी बीच दमकल की चार गाड़ियां हादसा स्थल पर पहुंच गई और आग बुझाना शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद डंपर, होटल व स्कूटी से भरे कंटेनर पर लगी आग पर काबू पाया जा सका। हादसे में चालक आमोद कुमार (23) पुत्र शेषपाल निवासी पुरखेड़ा भधान थाना ऐका जिला फिरोजाबाद किसी तरह कूदकर बच गया। जबकि उसका खलासी दोस्त बसंत कुमार (22) की डंपर में फंसने के कारण जिंदा जलकर मौत हो गई।
विज्ञापन

हादसे की सूचना पाकर सीओ अतुल प्रधान व प्रभारी निरीक्षक मुकेश सोलंकी मय फोर्स के पहुंचे और चालक को अपने पुलिस वाहन में बैठाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर होने पर डाॅक्टर ने उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। होटल मालिक सुरेंद्र यादव ने बताया कि हादसे में उनको लाखों का नुकसान हुआ है। होटल में स्थित दुकान, कैंटीन व दीवार आदि पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से मुआवजा दिलाने की मांग की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें