बसरेहर। इटावा-बरेली हाईवे पर उदयपुरा गांव के पास तेज रफ्तार डंपर ने बालक को कुचल दिया। उसकी मौके पर मौत हो गई। घटना से नाराज लोगों ने करीब आधा घंटे तक हाईवे जाम रखा।
फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र से निकले हाईवे पर रविवार सुबह हादसा हुआ। थाना क्षेत्र के उदयपुर गांव निवासी पल्लेदार दिलीप यादव का 8 वर्षीय पुत्र प्रशांत हाईवे पार करके गांव में चल रहे सत्संग में शामिल होने जा रहा था। तभी डस्ट लेकर जा रहे डंपर ने प्रशांत को कुचल दिया। हादसे को देख आसपास मौजूद लोग दौड़े, लेकिन चालक भाग गया।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने शव रखकर हाईवे पर जाम लगा दिया। फ्रेंड्स कॉलोनी थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। काफी समझाने के बाद ग्रामीण माने और जाम खुल सका। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के पिता दिलीप इटावा नई मंडी में पल्लेदार हैं। बेटे की मौत की सूचना पर वह गांव पहुंचे। पिता और मासूम की मां बिलखते रहे। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लिया है।
हाईवे पर खड़ी बस बनी दुर्घटना की वजह
हादसे की वजह हाईवे पर खड़ी रोडवेज की खराब बस बनी। इटावा बरेली हाईवे पर गांव उदयपुर में ही इटावा से फर्रुखाबाद जाने वाली रोडवेज की बस खराब हो गई थी। इस बीच जब इटावा की ओर से तेज रफ्तार डंपर आया, तो रोडवेज बस खड़ी होने की वजह से चालक ने ओवरटेक किया। इसी बीच बालक सड़क पार करते हुए आ गया और उसकी मौत हो गई।