इटावा/निवाड़ीकला। महेवा विकास खंड क्षेत्र में चार करोड़ रुपये से पेयजल व जलनिकासी व्यवस्था सुधारी जाएगी। खस्ताहाल गलियों में पक्की सड़कें बनेंगी। 18.67 करोड़ रुपये मनरेगा के कामों पर खर्च होंगे। शुक्रवार को ब्लाक सभागार में हुई बैठक में राज्य एवं 15वें वित्त से होने वाले कामों पर मोहर लगाई गई।
बैठक में ब्लॉक प्रमुख पवित्रा दोहरे ने बताया कि आगामी वित्त वर्ष में सबसे पहले उन गांवों में विकास कार्य कराए जाएंगे, जो अभी तक अछूते हैं। ब्लॉक क्षेत्र में बिना भेदभाव के चार करोड़ से विकास कार्य होंगे। बैठक का संचालन करते हुए बीडीओ सूरज सिंह ने सबसे पहले पिछली कार्रवाई को पढ़कर सुनाया। साथ ही उन्होंने बीते वित्त वर्ष के कामों के बारे में जानकारी दी।
आगामी वित्त वर्ष के कामों में सबसे पहले पेयजल, जलनिकास, गली निर्माण कराने के प्रस्ताव सदस्यों से मांगे। कुशगवां-अहीरान के बीडीसी प्रदीप यादव ने गांव में प्रधान व सचिव के चहेतों को शौचालय देने की शिकायत की। गोपियापुर से बीडीसी बलराम कुमार ने डॉ. आंबेडकर पार्क सही कराने , नबादा खुर्द कला से क्षेत्र पंचायत सदस्य जितेंद्र सिंह ने नगला कुशल स्कूल के लिए रास्ता बनवाने, पात्रों को आवास, शौचालय देने की मांग की।
ब्लॉक प्रमुख के प्रतिनिधि जितेंद्र दोहरे ने मनरेगा से क्षेत्र पंचायत में पक्के कार्य कराने, सभी गांवों में जनहित के काम को वरीयता से कराने और गुणवत्ता में कोई समझौता न करने की बात कही। शिखा देवी, राजेंद्र सिंह, मिथुन पांडेय, गंभीर सिंह यादव, राजवीर सिंह, राघवेंद्र कुमार, राखी, लज्जावती, उमादेवी, अरुण कुमार, दिलसाराम, शशि दिवाकर, शैलेंद्र कुमार, राजीव कुमार, कुलदीप चौहान, सुरजीत कुमार, कमलेश कुमार आदि मौजूद रहे।