संवाद न्यूज एजेंसी
बकेवर। विवाहिता ने पति सहित पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि 23 फरवरी को उसे कमरे में बंद कर दिया गया और मां और बहन के साथ मारपीट की गई। मासूम बच्चे को जमीन पर फेंक दिया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला घटिया अजमल अली निवासी निधि यादव उर्फ सुचेता ने थाने में प्रार्थना पत्र दिया है। बताया कि उसकी शादी 20 फरवरी 2022 को बकेवर क्षेत्र के गांव खितौरा निवासी अमित कुमार यादव के साथ हुई थी। शादी के छह माह बाद ससुराली दहेज की मांग करने लगे। पिता रमेश चंद्र ने ससुरालियों काे समझाया लेकिन सुधार नहीं हुआ। बेटा होने पर 17 फरवरी को उसने छोटी बहन श्वेता यादव को ससुराल बुला लिया। आरोप है कि 23 फरवरी को अमित व सौरभ यादव शराब के नशे में आए और गालीगलौज कर कमरे में बंद कर दिया। सुबह घटना की जानकारी माता-पिता को फोन पर दी। पीड़िता की मां उसी दिन दोपहर में ससुराल आईं और ससुराल पक्ष के लोगों को समझाने का प्रयास किया तो मां के साथ मारपीट की गई। बीच-बचाव करने पर बहन को भी पीटा। बच्चे को जमीन पर फेंक दिया।
बकेवर थानाप्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति अमित कुमार, देवर सौरभ यादव, सास सरला देवी, ननद अंजू व रिश्तेदार बागीश के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है।