बसरेहरा। विकास खंड बसरेहर की बीना पीएचसी के डॉक्टर और स्टाफ मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का आयोजन करना ही भूल गए। सीएचसी अधीक्षक ने जब इस जानकारी डॉक्टर से ली तो हड़कंप मच गया। दोपहर साढ़े 12 बजे पीएचसी का ताला खोला गया।
इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से आसपास के करीब 20 गांवों की 10 हजार आबादी जुड़ी है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. विकास सचान ने बताया कि डॉ. मुकेश राजपूत ने जानकारी दी है कि दो अक्तूबर को सार्वजनिक अवकाश होने के भ्रम से अस्पताल नहीं खोला था। जबकि उन्होंने एक दिन पहले ऑफिस के ग्रुप में दो अक्तूबर को अस्पताल नौ बजे खुलने का संदेश भेजा था।
संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सीएमओ से शिकायत की गई है।
यहां डॉ. मुकेश राजपूत, फार्मासिस्ट राघवेंद्र, वार्ड ब्वॉय कमल और एलटी डोली की तैनाती है। इसके बावजूद कोई कर्मचारी नहीं आया। ग्राम रमपुरा भूटा बीना से आए अतुल ने बताया वह करीब चार किलोमीटर दूर से बुखार का इलाज कराने आए थे, लेकिन ताला बंद होने पर लौटना पड़ रहा है।