इटावा। कमिश्नर के निरीक्षण के बाद भी जिला अस्पताल में व्यवस्था सुधर नहीं रही है। निरीक्षण के दौरान डेंगू वार्ड और आसपास सब ठीकठाक दिखाकर अफसर से अच्छे नंबर ले लिए गए लेकिन हकीकत में मरीजों की कसौटी पर डॉक्टर फेल साबित हो रहे हैं।
मंगलवार सुबह आठ बजे डेंगू पीड़ित महिला की प्लेटलेट्स घटने से हालत बिगड़ गई। तीमारदार चार घंटे तक डॉक्टर तलाशते रहे। दोपहर करीब 12:10 बजे डॉक्टर अजय शर्मा ने महिला का उपचार किया।
शहर के खिड़किया रतन चंदेला निवासी अनिल ने पत्नी पूजा (22) को डेंगू होने पर शुक्रवार रात करीब 11 बजे डेंगू वार्ड में भर्ती कराया था। उस समय उनकी प्लेटलेट्स एक लाख 83 हजार थी। चार दिन भर्ती रहने के बाद भी प्लेटलेट्स घटकर 48 हजार रह गईं। मंगलवार सुबह पेशाब से खून आने पर पूजा की हालत बिगड़ गई। अनिल ने बताया कि वह मां के साथ डॉक्टर को तलाशते रहे। स्टाफ को भी हालत बताई लेकिन डॉक्टर नहीं आए।
14 नवंबर को कानपुर मंडल के कमिश्नर डॉ. राजशेखर ने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया था। वह देर से अस्पताल पहुंचे थे। तब तक ओपीडी खत्म हो चुकी थी। वह मरीजों का हाल नहीं जान पाए थे। डेंगू वार्ड में सब ठीक बताया गया था।
सीएमओ डॉ. गीताराम ने दोपहर 12 बजे तक डेंगू वार्ड में डॉक्टर के न आने के मामले को काफी गंभीरता से लिया है। शिकायत के बाद तत्काल उन्होंने फोन कर डॉक्टरों को सुबह समय पर डेंगू वार्ड का निरीक्षण कर मरीजों का हाल लेने के निर्देश दिए।
नोडल अफसर ने सुधार के लिए कहा था
नोडल अधिकारी संचारी डॉ. राज किशोर ने आठ नवंबर को जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर मेें सीवर का पानी भरे होने व ऑक्सीजन प्लांट के पास गंदगी देखकर नाराजगी जताई थी। कहा था कि यह हाल है तो डेंगू से कैसे निपटेंगे। उन्होंने डॉक्टरों को समय पर अस्पताल पहुंचने के लिए कहा था।
बुखार की वजह से प्लेटलेट्स गिरीं
डॉ. अजय शर्मा का कहना है कि प्लेटलेट्स पहले पांच दिन घटती हैं। बुखार की वजह से ऐसा हुआ है। डेंगू पीड़ित महिला मरीज में ब्लीडिंग की समस्या हो जाती है। बताया कि तीमारदार के कहने पर मरीज को सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया है।
तीन मरीज और मिले
जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में मंगलवार को 25 मरीजों की डेंगू की जांच हुई। इनमें तीन लोगों में डेंगू मिला है। सितंबर से अब तक 266 मरीज मिल चुके हैं। नवंबर में ये आंकड़ा 169 रहा है। मंगलवार को जिला अस्पताल में दो मरीज भर्ती किए गए।