इटावा। ऊसरा अड्डा गांव में युवक का शव घर में फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने पत्नी पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के ऊसरा अड्डा गांव निवासी राजवीर (36) पुत्र रामसेवक का शव गुरुवार सुबह करीब पांच बजे घर के कमरे में मफलर के फंदे से लटका मिला। पत्नी सुमन ने राजवीर के गांव असवा कछार थाना बढ़पुरा में रहने वाले परिजनों को सूचना दी। बताया कि पति ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को बुलाया।
पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाक्षेत्र के कोकपुरा निवासी रामदास ने बताया कि उनका भतीजा राजवीर मजदूरी करता था। उसके दो बच्चे हैं, पुत्र नैतिक व पुत्री मोनिका है। आरोप लगाया कि राजवीर की किसी करीबी ने हत्या करके शव को फंदे पर लटका दिया है। थाना प्रभारी दिवाकर प्रसाद सरोज ने बताया पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह पता चल सकेगी। परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है। मामले की जांच की जा रही है।