इकदिल। इटावा कानपुर हाईवे पर रविवार सुबह डीसीएम ने बाइक सवार वृद्ध को रौंद दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डीसीएम छोड़कर भाग गया।
मध्य प्रदेश के भिंड निवासी मुन्ना लाल (59) शनिवार को बहन के यहां आयोजित अखंड रामायण पाठ में शामिल होने इकदिल आए थे। रविवार सुबह करीब 10:30 बजे वह बहनोई सतीश चंद्र भटेले के यहां से घर लौट रहे थे। इकदिल कस्बे के पश्चिमी तिराहे के पास हाईवे पार करते समय इटावा की ओर से आ रही डीसीएम ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में उनकी सांसें थम गईं। इंस्पेक्टर विष्णुकांत तिवारी मय फोर्स के मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक के पास से मिले आधार कार्ड के आधार पर शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी। मृतक का भांजा आशीष कुमार मौके पर पहुंचा। पुलिस ने डीसीएम को कब्जे में लिया है।