इकदिल। आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर कोहरे के बीच बाइक सवार को बचाने में डीसीएम खड़े डंपर में घुस गई। हादसे में चालक एक घंटे तक केबिन में फंसा रहा। राहगीरों व स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायल चालक को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भिजवाया।
औरैया जिले के थाना अजीतमल के खेतूपुर गांव निवासी जितेंद्र (42) डीसीएम में डाक पार्सल लेकर चेन्नई से दिल्ली जा रहा था। दिल्ली जाने के दौरान निजी काम से जसवंतनगर से वह वापस घर की तरफ औरैया लौट रहा था। सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे डीसीएम लेकर जैसे ही वह इकदिल थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर स्थित परमानंद आश्रम के पास पहुंचा तभी कोहरे में अचानक से सामने बाइक सवार आ गया।
उसे बचाने में वह खड़े डंपर में घुस गया। इससे डीसीएम का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और जितेंद्र बुरी तरह केबिन में फंस गया। हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना देकर करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला। पुलिस ने चालक को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा।