इकदिल। तीन दिन में डीसीएम और पिकअप चोरी होने से पुलिस गश्त की पोल खुल गई है। शुक्रवार देर रात मकान के बाहर खड़ी पिकअप चोर ले गए। 21 फरवरी को ढाबा के बाहर खड़ी डीसीएम चोरी हुई थी।
क्षेत्र में हाईवे पर बने ओवरब्रिज के पास लुधियात मोहल्ला निवासी संतोष कुमार ने बताया कि उनका मकान सर्विस रोड किनारे है। शुक्रवार शाम पिकअप मकान के बाहर खड़ी की थी। रात में वह उठकर घर से बाहर आया तो पिकअप गायब थी। आसपास तलाश की लेकिन पता नहीं लगा। तड़के चार बजे थाने पहुंचा। वहां पुलिस ने कहा कि अभी घर जाओ, सुबह प्रार्थना पत्र लेकर आना। रात में पुलिस गश्त होने के बाद भी चोरों ने पिकअप चोरी कर ली।
बीते 21 फरवरी की रात में चोरों ने एक ढाबे के बाहर खड़ी डीसीएम को चोरी किया था। इसका अभी पता नहीं चला है। क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। थाना प्रभारी अमित मिश्रा ने बताया कि पिकअप चोरी की अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।