इटावा। एआरटीओ कार्यालय लाइसेंस बनवाने आने वालों से दलालों का मोलतोल चल रहा है। परिसर में ड्राइविंग ट्रैक झाड़ियों से घिरा हुआ है, इस पर वाहन चल नहीं सकता। इसके बाद भी टेस्ट में झोलझाल कराकर लर्निंग लाइसेंस के नाम पर दलाल पांच गुना राशि वसूल रह हैं। स्थायी लाइसेंस के लिए भी दाम तय हैं। जिम्मेदार हर बार की तरह जांच की बात कह रहे हैं।
कृषि इंजीनियरिंग कॉलेज के पीछे उप परिवहन कार्यालय संचालित है। इसके बाहर दलालों का प्रवेश वर्जित, ये संदेश लिखा है लेकिन हकीकत इसके विपरीत है। कार्यालय के बाहर लाइसेंस के लिए आवेदन करने वाले जैसे ही दिखते हैं, दलाल उन्हें घेर लेते हैं। सुबह 10 बजे से दुकानों पर दलाल और उनके गुर्गे 1500 रुपये में लर्निंग और दो हजार रुपये में स्थायी लाइसेंस बनवाने की बात कहकर आवेदकों को भागदौड़ से बचने की पट्टी पढ़ाते हैं। ड्राइविंग टेस्ट और ऑनलाइन परीक्षा का ठेका लेकर 30-35 दिन में लाइसेंस घर पहुंचवाने का दावा करते हैं।
डील पक्की होने के बाद सारे प्रपत्र लेकर फोटो खिंचाने के लिए बुलाते हैं, बाकी सब काम कागजों पर पूरा कर दिया जाता है। आवेदकों को भी न वाहन चलाकर दिखाने की टेंशन, न ऑनलाइन परीक्षा में फेल होने की। टेस्ट में उत्तर बताने के लिए भी दलाल मौजूद रहते हैं। (संवाद)
150 से 200 आवेदन रोज आते
एआरटीओ कार्यालय में रोजाना 150 से 200 आवेदन लाइसेंस के प्राप्त हो रहे हैं। ऑनलाइन व्यवस्था होने के बाद लाइसेंस बनने के बाद डाक से घर भेजा जाता है। इस व्यवस्था में भी दलालों ने सेंध लगा दी है। सेटिंग के दम पर आवेदन से लेकर स्थायी लाइसेंस बनवाने तक का काम वह खुद कर रहे हैं। जैसे ही आवेदक एआरटीओ कार्यालय के गेट पर पहुंचता है, दलाल उसे खींच लेते हैं। मोलतोल के बाद वही आवेदन कराते हैं और फिर टेस्ट व बाकी औपचारिकताएं भी पूरी कर देते हैं।
झाड़ फूस से घिरा ड्राइविंग ट्रैक
परिसर में बने ड्राइविंग ट्रैक पर बड़ी-बड़ी घास खड़ी है। ट्रैक की हालत देखकर ही लगता है कि यहां टेस्ट के बिना ही लाइसेंस जारी कर दिए जाते हैं। अगर कोई बिना दलाल को लिए अंदर जाएगा तो बाबू और अधिकारी वाहन चलाने के नियम बताएंगे। दलाल के आते ही सारे काम हो जाते हैं।
ये है सामान्य फीस
लर्निंग लाइसेंस बनवाने के लिए ऑनलाइन 350 रुपये फीस कटती है। इसके बाद स्थायी लाइसेंस के लिए एक हजार रुपये फीस लगती है।
इस तरह रहती दलालों की बोली
- क्या बनवाना है। लर्निंग लाइसेंस के 1500 रुपये लगेंगे। स्थायी कराते वक्त दो हजार रुपये। रुपये और दस्तावेज दे दो। हम देखकर बता देंगे कि फोटो कब खिंचवाने आना है। टेस्ट की टेंशन न लो हम सब करा देंगे।
- कौन है कोई अपना खास है तो 1200 रुपये में लर्निंग वरना 1500 रुपये से कम में बात नहीं बन पाएगी। स्थायी के दो हजार रुपये हैं, खास का 1800 में कर देंगे। एक बार फोटो खिंचवाने और एक बार टेस्ट देने के लिए आना होगा।
लोग खुद सीधे आकर काम करा सकते हैं। दलालों के भरोसे बिल्कुल न रहें। बिना भेदभाव के कार्यालय में काम करने के निर्देश दिए हैं। दलालों के दखल की जांच कराई जाएगी। - ब्रजेश यादव, एआरटीओ प्रशासन।