इटावा/जसवंतनगर। पाठकपुरा गांव में शुक्रवार रात डकैतों ने एक घर में घुसकर महिला की गला रेतकर हत्या कर दी। नकदी और लाखों के जेवर लूट ले गए। मृतका के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने आठ-दस लोगों के खिलाफ डकैती का मुकदमा दर्ज किया है। एसएसपी ने बताया कि टीम को खुलासे के लिए लगाया गया है।
पाठकपुरा निवासी प्रेमकली (50) पत्नी स्व. इंदल सिंह का बेटा संदीप ट्रक लेकर चेन्नई और प्रदीप कांवर लेकर शृंगीरामपुर गया था। शुक्रवार रात प्रेमकली घर पर अकेले थीं। देर रात आठ-दस बदमाश दीवार फांदकर उनके घर में घुस गए। आहट पर प्रेमकली की नींद खुली तो बदमाशों ने उन्हें दबोच लिया और भारी वस्तु से उनके सिर पर प्रहार कर दिया। इसके बाद गला रेत दिया। दो कमरों में रखे बक्सों के ताले तोड़कर पांच अगूंठियां, जंजीर, कुंडल, सोने का सुई धागा और 50 हजार रुपये लूटकर भाग गए।
शनिवार सुबह करीब सात बजे प्रेमकली के जानने वाले गांव के गणेश और दिलीप ने उन्हें आवाज दी। जवाब न मिलने पर दीवार फांदकर अंदर गए तो शव देख उनके होश उड़ गए। ग्रामीणों ने बताया कि डकैत इससे पहले दो और घरों में घुसे। राकेश कुमार ने घर से एक लाख का माल चोरी होने की जानकारी पुलिस को दी। राम सनेही ने बताया कि बदमाश उनके घर भी आए थे। आहट पाकर उन्होंने शोर मचा दिया। एक ग्रामीण ने लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग की तो बदमाश भाग गए।
डकैती व हत्या की सूचना पर एसएसपी संजय कुमार वर्मा, एसपी सिटी कपिल देव सिंह, सीओ जसवंतनगर अतुल प्रधान और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से पूछताछ की। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाॅड ने भी पड़ताल की। एसएसपी ने बताया कि सीओ जसवंतनगर, एसओजी और सर्विलांस की टीम को घटना के खुलासे के लिए लगाया गया है।