रोड जाम किए आक्रोशित लोग। अमर उजाला
- फोटो : amar ujala
इकदिल थाना क्षेत्र में इंडेन कंपनी के बॉटलिंग प्लांट में गुरुवार शाम ट्रक की टक्कर से कर्मचारी की मौत हो गई। आर्थिक सहायता और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े परिजनों व ग्रामीणों ने शव को प्लांट के सामने रखकर भरथना रोड पर जाम लगा दिया। एसडीएम सदर व सीओ सिटी ने समझा बुझाकर जाम खुलवाया। करीब दो घंटे तक राहगीरों को जाम से जूझना पड़ा। क्षेत्र के गांव मानिकपुर भिखन गांव निवासी अरुण कुमार (28) बॉटलिंग प्लांट में गेट पर लोड होने वाली गाड़ियों को पास कराने का काम करता था। गुरुवार की सुबह ड्यूटी पर था, करीब दस बजे जब वह गाड़ी को पास करा रहा था। तभी तेजी से आ रहे ट्रक ने उसको टक्कर मार दी।
इससे वह घायल हो गया। आरोप है कि प्लांट पर मौजूद अधिकारियों ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया और न ही उसे उपचार के लिए भेजा। अन्य कर्मचारियों ने इसकी जानकारी अरुण के परिजनों को दी। सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उसे इलाज के लिए ले गए। परिजन उसे आगरा ले जा रहे थे तभी रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। गुस्साए परिजन उसके शव को लेकर प्लांट पर पहुंचे जाम लगा दिया। जाम लगने से वाहनों का आवागमन बंद हो गया। जाम की सूचना मिलने के बाद इकदिल पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा बुझाकर जाम खोलने के लिए मनाने लगे। लोगों का कहना था कि मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। इसके अलावा लापरवाही बरतने वाले अघिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
बाद में जाम लगने की सूचना मिलने पर एसडीएम सदर सिद्धार्थ, सीओ सिटी अंजनी कुमार चतुर्वेदी प्रभारी निरीक्षक फ्रेंड्स कालोनी भोलू भाटी के साथ फोर्स मौके पर पहुंच गया। लेकिन लोग जाम खोलने के लिए तैयार नहीं थे। बाद में अधिकारियों के समझाने पर लोगों ने जाम खोल दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।