कस्बे में चोरों ने शनिवार रात चार घरों को निशाना बनाया। यहां से जेवर और नगदी समेत लाखों का माल समेट ले गए। जगार होने पर ग्रामीणों ने चोरों का पीछा भी किया लेकिन वे भाग गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शनिवार रात चोरों ने ऊसराहार थाने से पांच सौ मीटर दूर एक के बाद एक चार घरों से माल साफ कर दिया। कस्बा निवासी लज्जाराम मिश्रा के घर में चोर दीवार फांदकर घुसे। यहां से घी और बर्तन चोरी कर ले गए। पड़ोस में सर्वेश के मकान से चोर नौ हजार रुपये और कपड़े ले गए। इसके बाद चोरों ने आतिशबाज पूरन खां के घर पर धावा बोला। यहां से चोर बक्सा उठाकर पास के मैदान में ले गए और उससे छह अंगूठी, एक पैंडल, झुमकी सहित एक लाख से अधिक के गहने और कपड़े चोरी कर ले गए। पूरन खां ने बताया कि उसने बेटी की शादी के लिए जेवर रखे थे। रात करीब दो बजे चोरों ने किशनी बिधूना मार्ग पर रहने वाले मोहम्मद शरीफ के घर को निशाना बनाया। शरीफ ने बताया कि पीछे की दीवार से घुसे तीन चोरों ने पत्नी की तकिया के नीचे से कमरे की चाबी उठा ली। कमरे में रखी दुकान की गोलक और बक्सा उठाकर भागने लगे। आहट सुन उनका पुत्र आबिद जग गया। आबिद ,सोनू सहित कई लोगों ने चोरों का पीछा किया तो वह बक्सा मकान के पीछे छोड़कर भाग गए। आबिद ने बताया उसे दुकान के लिए माल लेने जाना था। आठ दिन की बिक्री के 63 हजार रुपये गोलक में रखे थे। चोर गोलक ले गए। पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर दी है।