ऊसराहार थाना क्षेत्र के गांव सुंदरा में दो दिन पहले हुई युवक की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त तमंचा व कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपी ने स्वीकार किया कि अवैध संबंध में बाधक बनने पर युवक की हत्या की थी।
बचे हुए आरोपियों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। ऊसराहार थाना क्षेत्र के गांव सुंदरा निवासी राजवीर सिंह पुत्र बहादुर सिंह मंगलवार सुबह खेत से धान की कटाई करने के बाद अपनी पत्नी नीलम के साथ घर लौट रहा था। तभी रास्ते में उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
इस मामले में उसकी पत्नी नीलम ने आमोद यादव, सुबोध यादव पुत्रगण डिप्टी सिंह यादव, मंजू देवी पत्नी रामवीर सिंह व विमला पत्नी आमोद कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एएसपी राम किशन यादव ने बताया घटना के बाद से आरोपी फरार हो गए थे।
उनकी गिरफ्तारी के लिए एसओ ऊसराहार आलोक राय के अलावा क्राइम ब्रांच प्रभारी अजहर अली की टीम को लगाया गया था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी आमोद और उसकी पत्नी विमला को किशनी रोड पर गिरधारी पुरा के पास से गिरफ्तार किया है।
आमोद के पास से हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद हुआ। पूछताछ में आमोद ने बताया कि उसके राजवीर के रिश्तेदार के साथ संबंध थे। इसका राजवीर विरोध करता था। इसी से नाराज होकर उन लोगों ने उसकी हत्या की योजना तैयार की।
मंगलवार को राजवीर की गोली मारकर हत्या कर दी और फरार हो गया। एएसपी ने बताया कि बुधवार को उस रिश्तेदार को भी गिरफ्तार कर लिया गया था। सुबोध कुमार फरार चल रहा है। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है। आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम को पांच हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की।