ग्राम गढ़ी जालिम में चोरी के बाद बिखरे सामान को देखते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
थाना क्षेत्र के दो गांवों में सोमवार रात चोराें ने दो घरों को निशाना बनाया। यहां से जेवर और नगदी समेत करीब चार लाख का सामान ले गए। मंगलवार सुबह खेतों में खाली बक्से पड़े मिले। पीड़ितों की तहरीर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।
सोमवार रात चोराें ने ग्राम गढ़ी जालिम निवासी रामस्वरूप पुत्र जोर सिंह के कमरे का ताला तोड़कर तीन जोड़ी करधनी, दो जोड़ी पायलें, दो सोने की चेन, चार अंगूठी सहित तीन हजार नगदी चुरा ली। रामस्वरूप ने बताया कि मंगलवार सुबह चार बजे उठने पर कमरे का सारा सामान बिखरा देख उसके होश उड़ गए। कुछ देर बाद गांव के लोगों ने बताया कि रामज्ञान और टिंकू के खेत में दो बक्से पड़े हैं। दूसरी घटना नगला कैशो गांव में हुई। यहां चोरों ने अरुण कुमार पुत्र जगदीश चंद्र के घर को निशाना बनाया। कमरे में रखी अलमारी का लॉक तोड़कर पांच हजार नगदी के साथ एक जंजीर और अन्य सामान पार कर दिया। चोर इस घर से भी एक बक्सा उठा ले गए जो गढ़ी जालिम निवासी रनवीर सिंह के खेत में पड़ा मिला। चोरी की घटनाओं से ग्रामीण क्षेत्र में भी दहशत का माहौल है। पीड़ितों की तहरीर पर धरवार चौकी प्रभारी बृजेंद्र सिंह ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।