कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला स्वरूप नगर में चोरों ने धावा बोलकर जेवर, नकदी समेत करीब चार लाख का माल साफ कर दिया। घर वाले सोते रहे और उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी।
शहर के मुहल्ला स्वरूप नगर निवासी जैनुल आब्दीन पुत्र नसीरूद्दीन का स्वरूप नगर में मकान है। गुरुवार की रात को वह अपने परिवार के साथ बाहर वाले कमरे में सो रहे थे। तभी रात में चोर पीछे स्थित कब्रिस्तान की ओर से उनके मकान की छत पर चढ़ गए। चोरों ने जीने के दरवाजे की कुंडी तोड़ी और घर में घुस गए।
कमरे में रखी अलमारी का लाक तोड़कर उसमें रखी नकदी-जेवर पार कर दिए। बाहर के कमरे में सो रहे परिजनों को इसकी भनक नहीं लग सकी। सुबह उठने पर घर वालों ने घर का सामान अस्त-व्यस्त देखा तो चोरी की जानकारी हुई। जैनुल ने चोरी की सूचना कोतवाली पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। जैनुल ने बताया कि चोर उसके घर से एक लाख तीस हजार रुपये व करीब तीन लाख रुपये के जेवर चुरा ले गए हैं।