शव मिलने की सूचना पर पहुुंची फ्रेंड्स कालोनी थाना पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
इटावा। फेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के मोहल्ला अशोक नगर निवासी युवक की बुधवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसके बाद उसका शव सामुदायिक केंद्र के सेप्टिक टैंक में डाल दिया गया। जबकि बाइक दतावली के पास खड़ी मिली। इस मामले में दो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या की वजह पैसे का लेनदेन बताया जा रहा है। मोहल्ला अशोक नगर निवासी विपिन कुमार उर्फ मेजर के मोबाइल पर बुधवार शाम करीब सात बजे किसी का फोन आया। इसके बाद वह अपनी बुलेट मोटर साइकिल लेकर चला गया। रात करीब 11 बजे तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसका मोबाइल मिलाया तो वह बंद मिला। खोजबीन में उसका कहीं पता नहीं चलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। इस दौरान उनकी बाइक दतावली के पास खड़ी मिली। पुलिस ने उसके मोबाइल की काल डिटेल के आधार पर सात बजे फोन करने वाले सूरज सिंह पुत्र जयवीर निवासी श्याम नगर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ की तोे उसने बताया कि उसने अपने साथी अखिलेश के साथ मिलकर मेजर की हत्या कर शव को जुगरामऊ रोड पर सामुदायिक केंद्र के पीछे बने सेप्टिक टैंक में डालने की बात स्वीकार की। पुलिस ने सेप्टिक टैंक से शव बरामद किया। सीओ ने मौके पर फोरेसिक टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने मौके से आवश्यक सबूत जुटाए। मृतक के पिता सुखवीर सिंह यादव की तहरीर पर पुलिस ने सूरज सिंह पुत्र जयवीर व अखिलेश उर्फ माया निवासी श्याम नगर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। एसएसपी शिव हरी मीना ने बताया हत्या का कारण लेनदेन या कुछ और भी हो सकता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।