जिला अस्पताल में मौजूद आशा यादव का पति विनोद यादव।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
इटावा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में आगरा- कानपुर हाईवे पर डीपीएस स्कूल के सामने बुधवार दोपहर करीब एक बजे शिक्षिका की गोली मार कर हत्या कर दी गई। शिक्षिका के सीने में तीन गोलियां लगी हैं, जबकि एक गोली सिर में लगी है। हत्या की वजह का खुलासा नहीं हो सका है।
शिक्षिका को स्कूल से बाइक पर लेकर एक युवक निकला था। पुलिस युवक की तलाश में जुटी है। वह पति से अलग रहती थी। ऐसे में प्रेम प्रसंग के एंगल पर भी जांच चल रही है। मौके पर पहुंचे एसएसपी वैभव कृष्ण का कहना है कि हत्या के कारणों की पड़ताल की जा रही है। आशंका है कि हत्या करने वाला कोई नजदीकी भी हो सकता है।
जसवंत नगर थाना क्षेत्र के गुलाबबाड़ी मोहल्ला निवासी विनोद कुमार यादव की पत्नी आशा यादव (36) दो बच्चों के साथ सिविल लाइन थाना क्षेत्र के एचएन नगर में किराये पर रहती थी। उसका पति जसवंत नगर में रहता है। आशा कारगिल शहीद महाविद्यालय जसवंतनगर में बीटीसी द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रही थी।
उसका बुधवार से एक माह का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राथमिक विद्यालय नगला पीर में शुरु हुआ है। दोपहर करीब एक बजे स्कूल बंद होने के बाद वह एक युवक के साथ बाइक से घर लौट रही थी। आगरा- कानपुर हाईवे पर डीपीएस स्कूल से चंद कदम पहले बने टिनशेडनुमा पुल पर आशा को युवक ने ताबड़तोड़ चार गोलियां मार दीं।
इसके बाद वह भाग निकला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। एसओ सिविल लाइन नेत्रपाल सिंह ने बताया कि आशा के पास मिले पहचान पत्रों के आधार पर उसकी शिनाख्त हुई और परिजनों को सूचना दी गई। जांच में पता चला कि स्कूल में उसे लेने एक युवक गया था। वह बाइक से उसे लेकर लौट रहा था और गोली मारने के बाद भाग निकला।
वह युवक कौन था, इसकी पड़ताल की जा रही है। शिक्षिका पति से अलग रहती थी। ऐसे में प्रेम संबंध के एंगल पर भी जांच पड़ताल की जा रही है। कुछ देर बाद एसएसपी वैभव कृष्ण भी मौके पर पहुंचे। एसएसपी ने बताया कि आशा की हत्या जिस जगह हुई वहां उसका मोबाइल भी पुलिस को मिला है। काल डिटेल के आधार पर भी जांच की जा रही है।