जिला अस्पताल में भर्ती घायल रामकिशन।
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मड़ैया शिव नारायण रानी बाग में बंटवारे के विवाद में एक युवक ने शनिवार की सुबह अपने पिता पर ईंट से हमला बोल दिया। युवक ने अपने पिता के सिर के अलावा कमर पर जमकर प्रहार किए जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से भाग निकला। घायल को उपचार के किलए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मोहल्ला निवासी 70 वर्ष राम किशन पुत्र राम लाल का अपने छोटे बेटे से बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। उनके दो पुत्र है छोटा पुत्र मकान को अपने नाम करने के लिए दबाव डाल रहा था। लेकिन वह अपने जीते जी किसी भी पुत्र के नाम करने के लिए तैयार नहीं थे। इस कारण से छोटा पुत्र आए दिन उनके साथ गाली गलौज करता रहता था। शनिवार की सुबह वह अपने कमरे में बैठे थे तभी छोटे पुत्र ने उनके साथ गाली गलौज शुरू कर दी ।
जब राम किशन ने गाली देने से मना किया तो इससे वह नाराज हो गया और उसने वहीं पर पड़ी ईंट से उन पर हमला बोल दिया। सिर व उनकी कमर पर प्रहार किए। जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद वह भाग निकला।
जानकारी होने के बाद उसका बड़ा पुत्र अनूप कुमार मौके पर पहुंचा। उसने पड़ोसियों की मदद से उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अनूप ने बताया कि उसका छोटा भाई आए दिन पिता के साथ गाली गलौज करता रहता था। उसके मना करने पर वह उसके साथ भी मारपीट पर आमादा हो जाता है। घटना की तहरीर कोतवाली में नही दी गई है।