सपा नेता शिवपाल सिंह यादव बुधवार को जिला जेल पहुंचे और जसवंतनगर में रासलील के दौरान हुई फायरिंग के आरोपियों से मुलाकात की। कुछ अन्य बंदियों के भी हालचाल लिए। वह 40 मिनट जेल में रुके। इस दौरान अधीक्षक से जेल की व्यवस्थाओं पर भी बात की। अधीक्षक ने बातचीत का ब्योरा देने से इनकार कर दिया।
पूर्व मंत्री शिवपाल बुधवार सुबह नौ बजे समर्थकों के साथ जिला कारागार पहुंचे। जेल की व्यवस्थाएं देखने के बाद अपने विधानसभा क्षेत्र जसवंतनगर के बंदियों से मुलाकात की। जेल से निकलने के बाद पत्रकारों को कोई जानकारी नहीं दी।
जेल अधीक्षक राज किशोर सिंह ने केवल इतना बताया कि शिवपाल ने आठ-दस लोगों से मुलाकात की है। सूत्रों के मुताबिक सपा नेता ने जेल में बंद अपने विधानसभा क्षेत्र के परसौआ निवासी बृजेश व रामवीर से मुलाकात की। ये लोग परसौआ में पिछले दिनों हुई रासलीला में फायरिंग के मामले में बंद हैं। इस फायरिंग में एक महिला की मौत हुई थी और 12 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। इसके अलावा बंधा निवासी मनोज व लोधी मोहल्ला निवासी सुनील से भी मुलाकात की।