बकेवर थाना पुलिस ने महेवा के पास से दो लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। उनका एक साथी भाग गया। लुटेरों के पास से लूटा गया सामान और तमंचा बरामद हुआ है।
शनिवार को पुलिस लाइन के मीटिंग हॉल में पत्रकार वार्ता में एसएसपी शिव हरी मीना ने बताया कि आठ फरवरी को औरैया जिले के ऐरवाकटरा थाना क्षेत्र के गांव नगला हरिया निवासी राकेश कुमार पुत्र शिवदत्त अपनी पुत्रवधू अर्चना को छोड़ने उसके मायके जा रहे थे। बहेड़ा पुल केे पास एक बाइक सवार तीन लुटेरों ने ओवरटेक कर उनकी बाइक रोक ली। लुटेरों ने अर्चना से बैग लूट लिया। इस दौरान अर्चना बाइक से गिर पड़ी, जिसमें उसे चोटें भी आईं थीं। एसओ बकेवर जेपी यादव टीम के साथ लुटेरों की तलाश में जुटे थे। शुक्रवार शाम मुखबिर से सूचना मिली कि लुटेरे लूट के माल को बेचने की फिराक में हैं। वह महेवा से बकेवर आ रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगे। पुलिस ने दो लुटेरों को धर दबोचा जबकि एक भाग गया। तलाशी में उसके पास लूट के सामान के अलावा तमंचा और कारतूस बरामद हुआ। लुटेरों ने अपना नाम राजीव कुमार उर्फ छुटंकी उर्फ छोटे लला पुत्र केदार सक्सेना निवासी हरिचंदपुर थाना इकदिल, सनी पुत्र किशन स्वरूप निवासी सेंगन पुटठा थाना अजीतमल जिला औरैया बताया। फरार हुए साथी का नाम देवेंद्र पुत्र शिव कुमार कुशवाहा निवासी हरिचंदपुर इकदिल बताया। एसएसपी ने बताया कि लूटा गया मोबाइल और जेवरात भी मिले हैं। दोनाें को जेल भेज दिया गया। उन्होंने पुलिस टीम को पांच हजार रुपये देने की घोषणा की। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक राम किशन यादव भी मौजूद रहे।