चकरनगर (इटावा)। जमीन के टुकड़े पर कब्जे को लेकर दो पड़ोसियों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। मामले में अदालती फैसले के बाद कब्जा लेने पहुंचे युवक की दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठियों से पीटकर हत्या कर दी। तहरीर पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हत्यारोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस दबिश दे रही है। सहसों थाने के मिटाहटी गांव निवासी छोटेलाल चक का पड़ोसी उमाशंकर से मकान के आगे खाली पड़ी जमीन को लेकर दीवानी कोर्ट में वाद चल रहा था। पखवारे भर पूर्व अदालत ने छोटेलाल के पक्ष में फैसला दिया। बुधवार की शाम छोटेलाल का बेटा पंकज (22) अन्य परिवारीजनों के साथ जमीन पर कब्जा करने पहुंचा। ग्रामीणों के मुताबिक उमाशंकर पक्ष के लोगों ने इसका विरोध किया। आरोपी पक्ष का कहना था कि अभी एक माह अपील का समय है। अपील होने व अगले आदेश मिलने तक कब्जा दखल नहीं किया जाना चाहिए। इसी बात पर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हुआ। कुछ ही देर में दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे। हमलावरों ने पंकज को घेरकर लाठी-डंडे बरसाना शुरू कर दिया। मौके पर ग्रामीणों के जुटने पर हमलावर उसे लहूलुहान हालत में छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने घायल पंकज को सीएचसी राजपुर में भर्ती कराया। यहां से जिला अस्पताल भेज दिया गया। जिला चिकित्सालय में देर रात उसकी मौत हो गई। पंकज की बहन रचना ने उमाशंकर व उसके परिवार के सत्यप्रकाश, कृपाराम, ब्रजेश, सुनील, सौरव व रजनेश तिवारी के खिलाफ हत्या की नामजद रिपोर्ट दर्ज करवाई है। थानाध्यक्ष मनोज कुमार परमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज विवेचना क्षेत्राधिकारी चकरनगर उत्तम सिंह को सौंपी गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।