ग्राम नगला धौकल में युवक की हत्या के बाद रोते बिलखते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
इटावा। चौबिया थाना क्षेत्र के आढ़रपुरा ग्राम पंचायत के गांव नगला धौकल में सोमवार की शाम अपने ही गांव में होली मिलने गए युवक की गोली मार कर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर भाग निकले। युवक पंचायत चुनाव में प्रधानी का चुनाव भी लड़ा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के पिता ने गांव के ही तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
मंगलवार की दोपहर को हत्या से गुस्साए लोगों ने आरोपी के घर में तोड़फोड़ के बाद आग लगा दी।क्षेत्र के नगला धौकल निवासी दुर्वेश कुमार यादव उर्फ सिंधी (32) पुत्र लायक सिंह सोमवार की शाम लोगों से होली मिलने गया था। रास्ते में गांव के तीन लोगों ने उसे रोक लिया और बातचीत करने लगे। तभी अचानक दो लोगों ने उसे दबोच लिया और तीसरे युवक ने उसको गोली मार दी। गोली उसके पेट में जा घुसी, जिससे दुर्वेश वहीं पर लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर भाग निकले । गोली की आवाज सुनकर गांव के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और देखा कि दुर्वेश लहूलुहान पड़ा है। लोगों की सूचना पर पहुंचे परिजनो ंने पुलिस को सूचना दी। एसओ चौबिया विनोद यादव मय फोर्स के मौके पर पहुंचे। दुर्वेश को जिला अस्पताल भेजवाया गया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के पिता लायक सिंह ने गांव के ही दीपू पुत्र महरबान सिंह, रिषि कुमार पुत्र जबर सिंह व मेहरबान सिंह पुत्र निवाजी लाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। एएसपी राम किशुन यादव ने बताया कि होली मिलने के दौरान आपस में कुछ विवाद हुआ तभी दुर्वेश को गोली मार दी गई जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मंगलवार दोपहर आरोपी दीपू के घर में कुछ लोगों ने आग लगा दी।