इटावा सफारी पार्क के बफर क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे में कैद तेंदुआ।
इटावा। इटावा सफारी पार्क के बफर क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी से सफारी प्रशासन ने सतर्कता और बढ़ा दी है। 24 जनवरी की रात बफर क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे में तेंदुआ फिर नजर आया। तेंदुआ अभी बफर क्षेत्र में मौजूद है। तेंदुआ को पकड़ने के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। सफारी पार्क के बफर क्षेत्र में 10 जनवरी को तेंदुआ घुस आया था। जुहाना गांव के आसपास नर एवं मादा तेंदुआ अपने एक बच्चे के साथ घूम रहे थे। अचानक नर तेंदुआ बफर क्षेत्र में घुस गया। मादा एवं बच्चा तेंदुआ बाहर रह गए। इन दोनों की मौजूदगी कभी शहर के आसपास के इलाके में देखी गई। दोनों के बाहर मौजूद होने से लोग दहशत में हैं। नर तेंदुआ 14 जनवरी को सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ था। उसके बाद उसके पग मार्क तो मिलते रहे परंतु दुबारा कैमरे में नहीं आया। 24 जनवरी की रात तेंदुआ फिर से सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ। सफारी प्रशासन ने तेंदुआ को पकड़ने के लिए बफर क्षेत्र में तीन पिंजरे लगा रखे हैं। सशस्त्र कर्मचारियों के छह सचल एवं निरीक्षण दल भी बराबर गश्त कर रहे हैं। सफारी पार्क के निदेशक पीपी सिंह ने बताया कि तेंदुआ पुन: सीसीटीवी कैमरे में देखा गया है। उसे पकड़ने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।