घर से स्कूल जाने को कहकर निकली हाईस्कूल की छात्रा ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। छात्रा के स्कूल बैग में मिली बैंक पासबुक से उसकी पहचान हुई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आत्महत्या की वजह साफ नहीं हो सकी है।
थाना लवेदी क्षेत्र के ग्राम नदगवां व हाल निवासी लखना नहर पुल के समीप मंगल सिंह की बगिया पर रहने वाले शिरोमणी सिंह चौहान की 17 वर्षीय पुत्री निधि चौहान बकेवर स्थित जनता इंटर कालेज में हाईस्कूल की छात्रा थी। शुक्रवार को रोज की तरह निधि बैग लेकर घर से स्कूल के निकली थी। इसके बाद कल्पना स्कूल न जाकर किसी तरह कस्बा भरथना स्थित रेलवे फाटक के समीप पहुंची और ट्रेन के आगे आने का प्रयास किया लेकिन फाटक के समीप मौजूद लोगों ने उसे समझा बुझाकर रेलवे लाइन से हटा दिया। बावजूद इसके निधि रेलवे फाटक के पूर्वी ओर अप लाइन के पोल संख्या 1136 क1 के समीप पहुंची और अपना स्कूल बैग लेकर दोनों हाथ फैलाकर मालगाड़ी के आगे खड़ी हो गई। उसने जीवन लीला को समाप्त कर लिया। शव से कुछ दूर पड़े उसके स्कूल बैग मिला जिसमें एक पासबुक थी। इससे उसकी पहचान निधि के रूप में की। निधि मौत की खबर जैसे ही उसके परिवारीजनों को मिली तो उनका रो-रो कर बुरा हाल था। घटना की सूचना मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिये भेजा।
दो भाइयों के बीच इकलौती बहन थी निधि
निधी अपने भाइयों की सबसे बड़ी इकलौती बहन थी। परिवारीजनों के अनुसार निधि के पिता शिरोमणी मैनपुरी स्थित एक राइस मिल मे प्राइवेट तौर पर काम करते हैं। निधि लखना स्थित अपने आवास पर मां कल्पना देवी व दोनों भाई नितिन व नवीन के साथ रहती थी। वह पढ़ाई में तेज थी लेकिन उसने जान देने का कदम किस वजह से उठाया इसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। हालांकि पुलिस छानबीन कर रही है।
निधि की मौत अपने पीछे छोड़ गई कई सवाल
निधि ने आखिर किस वजह से मौत को गले लगाया यह अपने आप में एक सवाल बना हुआ है। सवाल यह है कि लखना कस्बे की रहने वाली छात्रा और बकेवर में पढ़ती है तब वह भरथना कैसे पहुंची और क्या कारण थे उसे आत्महत्या करनी पड़ी।