वैदपुरा। फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के नगला खेड़ा में चोरों गुरुवार रात चार घरों को निशाना बनाया। चोर तीन घर से नगदी-जेवर सहित लाखों का सामान चोरी कर ले गए। एक घर से सिर्फ कपड़े ही चोरी गए। सुबह सोकर उठने पर घरवालों को चोरी की जानकारी हुई। पीड़ितों ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नगला खेड़ा में गुरुवार रात चोरों ने धनीराम और उनके भाई गिरेंद्र के घर में घुसकर अलमारी व बक्सों के ताले तोड़ दिए। इसके बाद रघुवीर एवं गुलाब सिंह के घरों को निशाना बनाया। धनीराम के घर से पचास हजार नगद, अंगूठी, जंजीर, पेंडल, सोने के बाला, रघुवीर के यहां से 5000 नगद तथा गिरेंद्र के घर से 7000 रुपये नकद एवं कपड़े चोर चुरा ले गए।
गुलाब सिंह के यहां से सिर्फ कपड़े ही चोरी हुए। सभी घरों में लोग सोते रहे। सुबह होने पर चोरी की जानकारी हुई। घर में सामान बिखरा पड़ा था। पुलिस ने पीड़ितों की तहरीर पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।