कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत बाईपास पर स्थित कब्रिस्तान की झाड़ियों में एक युवक का शव पड़ा मिला। पुलिस ने शव की शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। युवक की गर्दन पर चोटों के निशान थे। अनुमान लगाया जा रहा है कि उसकी हत्या करके शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया है।
सोमवार की शाम करीब पांच बजे मोहल्ले का एक बालक झाड़ियों में शौचक्रिया के लिए गया था। तभी उसने एक युवक का शव पड़ा देखा। वह चीखता हुआ बाहर निकला और लोगों को शव पड़े होने की जानकारी दी। शव पड़े होेने की सूचना मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने कोतवाली पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलने पर एसआई रामवीर सिंह तथा नया शहर चौकी इंचार्ज योगेंद्र शर्मा मौके पर पहुंचे और उन्होंने शव की शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी। मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष है। वह सिलेटी रंग का पैंट, चेकदार सफेद और नीले रंग की शर्ट पहने था।
पास में ही नीले रंग की हवाई चप्पल पड़ी थीं। मृतक के दाहिने हाथ पर राजवीर सिंह और रानी लिखा हुआ है। उसकी शर्ट पर राज टेलर्स महेवा का स्टीकर लगा है। मृतक की गर्दन पर चोटों के निशान थे, इसलिए लोगों को आशंका है कि युवक की हत्या करके शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया है। चौकी इंचार्ज योगेंद्र शर्मा ने बताया कि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम के बाद ही लग सकेगा। शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।