एसएसपी से शिकायत करने जाते भाजपा नेता मनीष यादव पतरे।
- फोटो : अमर उजाला
ऊसराहार थाना क्षेत्र के गांव मुरचा में दलित एक्ट के दर्ज मामले को वापस लेने का दबाव बनाने के लिए दबंगों ने दलितों के साथ मारपीट की। बाद में दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की। फायरिंग से गांव में दहशत का माहौल पैदा हो गया। बाद में दबंग जान माल की धमकी देते हुए भाग गए। पीड़ितों ने रविवार को एसएसपी को प्रार्थनापत्र देकर सुरक्षा की गुहार लगाई।
नारायणी देवी पत्नी ईश्वर चंद्र कठेरिया ने एसएसपी को दिए प्रार्थनापत्र में बताया कि पड़ोस के गांव नगरिया के दबंग उसकी जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं। कब्जा करने को लेकर कुछ दिन पूर्व दबंगों ने उससे व परिजनों के साथ मारपीट की थी। इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दबंग रिपोर्ट वापसी केे लिए दबाव बना रहे हैं। रिपोर्ट वापस लेने से मना करने पर दबंगों ने शनिवार को घर में घुसकर मारपीट की। इन्हाेंने फायरिंग भी की। गांव वालाें के आ जाने पर दबंग भाग निकले। दबंग पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दे गए हैं। पीड़ित परिवार शनिवार को भाजपा नेता मनीष यादव पतरे से भी मिला। भाजपा नेता पतरे पीडितों के साथ एसएसपी से मिले और सुरक्षा दिए जाने की मांग की। एसएसपी एन कोलांचि ने ऊसराहार थाना पुलिस को पीड़ितों के घर पर सुरक्षा के लिए दो गार्डों को तैनात करने व दबंगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।