बसरेहर थाना क्षेत्र के गांव लाल पुरा से चार माह
पूर्व अचानक एक महिला लापता हो गई थी। उसके मायके वालों ने ससुराली जनों पर
दहेज के लिए हत्या कर शव को गायब करने का आरोप लगा रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इतना
ही नहीं मायके वालों ने औरैया क्षेत्र के अयाना के पास मिले शव की शिनाख्त
भी पुत्री के रूप में की थी। शुक्रवार को वह महिला अचानक लौट आई। उसने
पुलिस को पूरी जानकारी दी।
लालपुरा गांव निवासी राजकुमार की पत्नी
रीता 20 मई 2015 को अचानक लापता हो गई थी। ससुराल वालों ने उसकी खोजबीन की,
लेकिन उसका सुराग नहीं लगा। उधर, रीता की मां द्रोपदी देवी ने ससुराल
वालों पर हत्या कर शव गायब करने का आरोप लगाते हुए 26 मई को दहेज हत्या की
रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
रीता के मायके वालों ने अयाना में मिले एक
महिला के शव की शिनाख्त अपनी पुत्री रीता के रूप में की थी। शुक्रवार को
रीता अचानक बसरेहर थाने पहुंची और उसने पुलिस को पूरी जानकारी दी। रीता ने
बताया कि वह पति से नाराज होकर इटावा आ गई और वहां से ट्रेन में सवार होकर
हाथरस चली गई।
हाथरस में वह एक महिला के यहां रही। शुक्रवार को
वापस लौट आई। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। एसओ बिजेंद्र सिह ने बताया कि
ससुराल वालों ने उसकी पहचान कर ली है। पुलिस पूछताछ कर रही है। उन्होंने
बताया कि रीता की मां ने दहेज हत्या की रिपोर्ट लिखाई थी।
अयाना
में मिले शव की शिनाख्त अपनी पुत्री के रूप में कर चुके हैं। अयाना पुलिस
ने डीएनए जांच के लिए सैंपल भी भेजा है। इस मामले में पुलिस ने अभी तक किसी
की गिरफ्तारी नहीं की थी।