चौबिया थाना क्षेत्र के राहिन पुल के पास मंगलवार की देर रात मिले युवक के शव की पहचान हो गई है। ऊसराहार निवासी युवक घर से बाइक की सर्विस कराने निकला था। उसके पास मिले ड्राइविंग लाइसेंस से उसकी शिनाख्त हुई। हालांकि हत्या क्यों की गई यह पहेली बना है। परिजन भी कोई क्लू नहीं दे पा रहे हैं। वह राहिन पुल के पास कैसे पहुंचा इस पर भी सवाल उठ रहे हैं।
शव की तलाशी में पुलिस को एक ड्राइविंग लाइसेंस मिला। उसमें उमेश कुमार (22) पुत्र स्व. कप्तान सिंह यादव निवासी नगला दयाल, ऊसराहार का पता लिखा था। पुलिस ने उक्त पते पर सूचना भिजवाई तो रात में कुछ लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवक की पहचान की।
इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम हाउस पर उमेश के बड़े भाई जनवेद सिंह ने बताया कि मंगलवार की सुबह उमेश बाइक की सर्विस कराने की बात कहकर घर से निकला था। उसने मंडी में आढ़ती से धान की बिक्री के रुपये लाने की भी बात कही थी।
देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटा तो उसकी खोजबीन शुरू की गई। रात करीब दस बजे उसे चौबिया पुलिस द्वारा हत्या की सूचना मिली। उनका कहना था कि शाम चार बजे तक वह मंडी में रहा। उसके बाद वह उल्टा रास्ता राहिन पुल के पास कैसे पहुंचा यह सवाल खड़ा हो रहा है।
भाई का कहना है कि उसकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। घटनास्थल पर उसकी बाइक खड़ी मिली। बाइक पर खून लगा था। अनुमान है कि उसे रोककर गोली मारी गई। भाई ने लूट की बात से इन्कार किया। उनका कहना था कि रुपये, बाइक सब पुलिस ने मौके से बरामद कर लिया है। आढ़तिया से भी उसे धान के रुपये नहीं मिले थे। थानाध्यक्ष मोहित यादव ने बताया कि पुलिस हत्यारोपियों का सुराग लगाने में जुटी है।