चकरनगर (इटावा)। कस्बे में सोमवार की देर रात को रंगदारी को लेकर इंटरलॉकिंग कारोबारी के घर पर दबंगों ने धावा बोल दिया। मारपीट व तोड़फोड़ के साथ ही फायरिंग की। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक हमलावर को गिरफ्तार कर लिया। घटना के वक्त लोग अपने-अपने वाहन छोड़कर भाग गए, जिससे लखना-सिंडोस मार्ग पर करीब एक घंटे यातायात बंद रहा। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
कस्बे में रहने वाले सौरभ तिवारी पुत्र सुभाषचंद्र तिवारी का इंटरलॉकिंग का कारोबार है। सोमवार को अपनी इंटरलॉकिंग फैक्ट्री चांदई से सौरभ रात में करीब आठ बजे घर आ गए। सौरभ ने बताया कि वह दरवाजे पर कुर्सी डालकर बैठे थे, तभी इलाके के दबंग धर्मेंद्र यादव, उपेंद्र यादव, रविंद्र यादव समेत छह लोग पहुंचे और रंगदारी मांगने लगे। विरोध करने पर दबंगों ने मारपीट शुरू कर दी। चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर कस्बे के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े तो हमलावरों ने फायरिंग शुरू कर दी। सौरभ ने अपने घर में भागकर जान बचाई। हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग की, जिसमें कोई हताहत नहीं हुआ। फायरिंग की आवाज सुनकर लखना-सिंडोस मार्ग पर चल रहे वाहनों के चालक अपने-अपने वाहन छोड़कर भाग खड़े हुए, जिसके कारण लखना-सिंडोस मार्ग एक घंटे तक यातायात बंद रहा। पुलिस को सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचे सीओ चकरनगर उत्तम सिंह ने जाम खुलवाकर यातायात चालू कराया। थाना पुलिस ने एक नामजद हमलावर को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों की पुलिस तलाश में जुटी है। पीड़ित सौरभ तिवारी ने धर्मेंद्र यादव, उपेंद्र यादव, रविंद्र यादव समेत तीन अज्ञात के खिलाफ जान से मारने की कोशिश का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने नामजद आरोपी रविंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया है।